Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS/बड़ी बहन के लिए आई बारात..छोटी बनी दुल्हन:जयमाला के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा, साली बोली- दीदी से शादी हुई तो जान दे दूंगी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 3, 2023

BIHAR NEWS/बड़ी बहन के लिए आई बारात..छोटी बनी दुल्हन:जयमाला के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा, साली बोली- दीदी से शादी हुई तो जान दे दूंगी

Kosilive Bihar News/छपरा में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के पहुंचा, लेकिन शादी दुल्हन की छोटी बहन से करनी पड़ी। शादी से पहले जयमाला के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। दुल्हन ने दूल्हे के गले में वरमाला डाल दिया। तभी दुल्हन की छोटी बहन छत पर चढ़ गई। कहा कि दीदी से शादी हुई तो कूद कर जान दे देगी। अब पढ़िए रिश्तों की उलझी हुई कहानी...

मामला मांझी थाना इलाके के भभौली गांव का है। गांव के पंडित शैलेश्वर मिश्रा ने बताया कि एक साल पहले छपरा शहर के बिनटोली निवासी जगमोहन महतो के पुत्र राजेश कुमार की शादी रिंकु कुमारी से तय हुई थी। इस बीच लड़के की बातचीत साली पुतुल कुमारी से ज्यादा होने लगी। वह अपनी होनेवाली साली को एग्जाम दिलाने भी ले गया। दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं। लेकिन दोनों लोग ही अपने दिल की बात परिवार वालों से नहीं कह सके।

बारात पहुंची...स्वागत हुआ..जयमाला के बाद बिगड़ा मामला

मंगलवार की शाम राजेश दुल्हन रिंकू कुमारी के घर बारात लेकर पहुंचा। पिता रामू बिन ने दरवाजे पर बारातियों का स्वागत किया। बैंड-बाजे के साथ हंसी-खुशी द्वारपूजा की रस्म पूरी हुई। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में जयमाला की प्रक्रिया पूरी की गई।

मामला देर रात कन्या निरीक्षण के बाद बिगड़ गया। दुल्हन की छोटी बहन पुतुल कुमारी चुपके से छत पर चढ़ गई। छत से ही दूल्हे राजा को मोबाइल से फोन करके धमकी दी कि मेरे साथ शादी नहीं करेंगे तो छत से कूदकर अपनी जान दे दूंगी।


रातभर दोनों पक्षों में चलती रही बहस

मौके की नजाकत को देखते हुए दूल्हे राजा ने आनन-फानन में कन्या निरीक्षण से अपने परिजनों व रिश्तेदारों को जनवासे में वापस बुला लिया। बिगड़ते माहौल के बीच दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात मारपीट तक जा पहुंची। दोनों पक्ष के लोग आपस में गुत्थमगुत्थी करने लगे। मौके पर भगदड़ मच गई।

बिगड़ते हालात के बीच स्थानीय लोगों ने मांझी थाना और जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी। देर रात तक वर और वधू पक्ष में समझौता चलता रहा। पुलिस और जनप्रतिनिधियों की पहल पर देर रात दुल्हन की रजामंदी से छोटी बहन के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

 
कन्या निरीक्षण के पश्चात बड़ी बहन के साथ शादी से इनकार करने के बाद बाराती और घरातियों के बीच जमकर गुत्थम गुत्थी हुई। जिसके बाद पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के पहल पर दुल्हन की छोटी बहन के साथ दूल्हे राजा का सिंदूर दान करा बारातियों को सकुशल विदा कर दिया गया। शादी के बाद राजेश और पुतुल छपरा स्थित अपने घर पर चले आए हैं।