Kosi Live Bihar News:
गोपालगंज में एक महिला ने अवैध संबंध का विरोध करने पर अपने पति की हत्या करा दी। हत्या की इस घटना को मछली व्यवसायी की पत्नी ने सुपारी किलर्स की मदद से अंजाम दिलवाया।
घटना पिछले सोमवार श्रीपुर ओपी क्षेत्र की है, जहां 6 बच्चों की मां ने प्रेमी के साथ मिलकर सुपारी किलर काे हायर किया, फिर अपने आंखों के सामने 39 साल के मोहम्मद मियां को गोली मरवा दी।
पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
SP स्वर्ण प्रभात ने बुधवार को इस हत्याकांड का खुलासा किया। घटना की जांच के लिए हथुआ SDPO के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया था।
प्यार में पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक कहानी पढ़िए...
SP ने बताया कि टीम की जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी नूरजहां खातून का हथुआ बाजार निवासी नौशाद आलम के साथ अवैध संबंध था। पति इसका विरोध करता था। वह नौशाद आलम के साथ भी आए दिन गाली-गलौज करता था।
इसी बात से तंग आकर उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और 2 सुपारी किलर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की योजना बनाई। किलर को 50 हजार में हायर किया और दरवाजे पर सोते समय अपने पति को गोली मरवा दी।
हत्या के समय पत्नी खिड़की के पास खड़ी थी। फोन से हत्यारे से बात कर रही थी। उसने कॉल पर ही हत्यारों को इशारा किया था और बताया था कि खाट पर सोया व्यक्ति ही उसका पति है।
अवैध संबंध बनने की कहानी भी जानिए...
जानकारी के मुताबिक, पति पहले सऊदी में फैक्ट्री में काम करता था। इसी बीच पत्नी का अवैध संबंध बनाया, लेकिन 5 साल पहले पति घर आ गया और मछली का कारोबार करने लगा। महिला के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। एक बेटी की शादी कर दी थी। इस बीच भी महिला ने अपना संबंध कायम रखा। इसकी भनक पति को लग गई थी। वह अक्सर इसका विरोध करता था।
सुपारी किलर के बयान पर हुई गिरफ्तारी
SIT ने अपनी जांच में सबसे पहले नौशाद आलम को गिरफ्तार किया। नौशाद के बयान के आधार पर मंसूर आलम को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद एक और आरोपी परवेज अंसारी की गिरफ्तारी उसके घर से की गई। उसके पास से सुपारी वाले 50 हजार रुपए में से 7500 रुपए बरामद किए गए।
50 हजार रुपए में दी थी हत्या की सुपारी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सुपारी किलर मंसूर आलम से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि नूरजहां खातून ने नौशाद आलम की मदद से 50 हजार रुपए में अपने पति की हत्या की सुपारी दी थी। इस राशि में से 28 हजार रुपए में एक पिस्टल एवं 4 जिंदा कारतूस संदीप शर्मा नाम के व्यक्ति से खरीदा गया था। 1 गोली हत्या में इस्तेमाल की गई, बाकी 3 कारतूस बरामद किए गए।
मंसूर आलम के बयान के आधार पर मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया गया। इस कांड में आर्म्स सप्लायर संदीप शर्मा की गिरफ्तारी के लिए SIT लगातार छापेमारी कर रही है।