Kosi Live Bihar News:
एक डीएसपी ने अपने ही एसपी के ऊपर गंभीर आरोप लगाया है। कहा - एसपी भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। जांच होनी चाहिए। चुनिंदा मातहत पुलिस पदाधिकारियों को दलाली एवं आर्थिक शोषण के लिए संरक्षित कर रहे हैं। कनीय पुलिस पदाधिकारियों को बंधुआ मजदूर समझ कर उनके साथ गाली-गलौज करते हैं। एसपी के अत्याचार और स्वेच्छाचारिता से पुलिस परिवार में आक्रोश है तथा कभी भी विद्रोह हो सकता है।
मामला मगध प्रमंडल के जहानाबाद जिले का है। एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय ने मगध प्रक्षेत्र के आईजी को पत्र लिखकर एसपी दीपक रंजन के ऊपर गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय का एक माह पहले स्थानांतरण हो चुका है।
उनके लिखे पत्र पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है। वैसे उक्त एसडीपीओ ने अपने पत्र में एसपी दीपक रंजन का पोल खोलते हुए अपने स्थानांतरण की भी मांग की थी। तत्कालीन एसडीपीओ ने पत्र में कहा है कि मुख्यालय से प्राप्त राशियों में वित्तीय अनियमितता की जाती रही है, जिसका अंकेक्षण कराए जाने पर पर्दाफाश हो सकता है। कनीय पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई और वेतन बेवजह बंद की जाती है। इसे क्लीयर कराने के बदले मोटी रकम एेंठी जाती है। मुख्यालय से स्थानांतरित कुछ चुनिंदा पुलिस अधिकारियों को दलाली एवं आर्थिक शोषण के लिए रोक कर रखा जा रहा। विरमित नहीं किया जाता। इंस्पेक्टरों के पदस्थापन में भी अनियमितता बरती गई।
आरोपों का प्रमाण मांगा : आईजी
जहानाबाद के तत्कालीन एसडीपीओ अशोक कुमार पांडेय द्वारा पत्र भेजा गया है। पत्र का अवलोकन किया गया है। इसमें कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की पुष्टि के लिए उनसे लिखित प्रमाण मांगा गया है। साथ ही जहानाबाद के एसपी से भी उनका पक्ष मांगा गया है।
-क्षत्रनील सिंह, आईजी, मगध प्रक्षेत्र
जवाब नहीं मांगा गया : एसपी
तत्कालीन एसडीपीओ ने मेरे विरुद्ध कोई पत्र लिखा है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। मुझसे किसी तरह का जवाब नहीं मांगा गया है, और न ही इस बाबत वरीय अधिकारियों का कोई पत्र मिला है। तत्कालीन एसडीपीओ का छुट्टी का कुछ मामला था। उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
-दीपक रंजन, एसपी, जहानाबाद