Kosilive khagaria News/
खगड़िया में दुग्ध उत्पादन सेंटर पर दूध पहुंचाने गए एक 14 वर्षीय किशोर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना मंगलवार की रात करीब 9 बजे गोगरी थाना क्षेत्र के इटहरी गांव की है। दो पक्षों के बीच झगड़ा देखने गया था। इसी दौरान युवक को गोली लग गई।
घायल किशोर की पहचान समीप के वासुदेवपुर पंचायत स्थित बरेटा गांव के वार्ड संख्या 7 निवासी सतीश साह के 14 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल किशोर को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल गोगरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। गोली किशोर के बाएं जांघ में लगी है। इधर इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बताया जाता है कि गोली लगने से घायल किशोर फुदकीचक पतरौन गांव में संचालित दुग्ध उत्पादन सेंटर पर दूध देने के बाद वहां कुछ दूरी पर दो लोगों के बीच हो रहे झगड़े को देखने चला गया। इस दौरान दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। एक गोली किशोर को लग गई, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आपस में झगड़ रहे लोग वहां से भाग खड़े हुए।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम मामले की छानबीन में जुट गई है। किशोर की मां ने बताया कि हर रोज मेरा बड़ा बेटा दूध पहुंचाने जाता था। आज छोटा बेटा आशीष ही दूध पहुंचाने गया और झगड़ा देखने लगा, तभी किसी ने उसे गोली मार दी।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक किशोर को गोली लगी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दोषियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।