Kosilive Bihar News:
खगड़िया के सदर एसडीओ के नेतृत्व में की गई छापेमारी में पकड़ी गई गड़बड़ी के आरोप में खनन माफिया और चिकमनी संचालक एवं मुशी के विरुद्ध दो अलग-अलग थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए चिमनी संचालक पर 1 करोड़ 3 लाख 15 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार सदर एसडीओ को सूचना मिली थी कि गंगौर थाना क्षेत्र के लाभगांव मौजा स्थित मन्नी सिंघिया चौड़ में सरकारी जमीन जिसका खाता 32, खेसरा 2067 में खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन की जा रही है। जिसके बाद एसडीओ ने खनन विभाग की टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पहले तो यह बताया कि यह जमीन उन लोगों की रैयती जमीन है। जिसके बाद एसडीओ ने सभी को पेपर दिखाने के लिए कहा। सवाल के जवाब देने में उन लोगों के पसीने छूटने लगे। जिसके बाद एसडीओ ने और कागजात की मांग की तो खनन माफियाओं ने हाथ खड़े कर दिए। जिसके बाद एसडीओ ने मौके से 4 टाटा हाइवा को जब्त कर लिया। जबकि एक जेसीबी चालक लेकर मौके से भागने में सफल रहा।
एसडीओ ने पूरे मामले की पड़ताल शुरू की तो अवैध खनन करा रहे लाभगांव निवासी राजेश यादव ने बताया कि यहां से मिट्टी का खनन कर खगड़िया ब्रिक्स इंडस्ट्रीज के यूनिट-1 और 2 में पहुंचाया जा रहा है। जिसके बाद एसडीओ ने पूरे मामले की जांच करते हुए उक्त ब्रिक्स इंडस्ट्रीज के कैंपस में पहुंच गए। यहां मौजूद उक्त इंडस्ट्री के मुंशी बेगूसराय निवासी धर्मवीर यादव एवं ललन कुमार ने भी स्वीकार किया कि मिट्टी उनके परिसर में ही पहुंचाया जा रहा है। जिसके बाद एसडीओ ने चिमनी से संबंधित कागजात की मांग की तो मुंशी ने कुछ भी दिखाने से साफ मना कर दिया। जिसके बाद एसडीओ ने खनन निरीक्षक विकास कुमार को पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश देते हुए जुर्माना करने का भी निर्देश दिया। जिसके बाद विकास कुमार ने गंगौर थाना को आवेदन देते हुए शनिवार को एफआईआर दर्ज कराया है।