बिहार के सहरसा में रविवार की देर शाम बिजली के तार की चपेट में आने से वीणा देवी (42) नामक महिला झुलस गई। आनन-फानन में परिजनों ने घायल महिला को नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भतपूरा गांव की बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और जांच में जुट गई।
मृतका के पति मसुदन यादव ने बताया कि उसकी पत्नी वीणा देवी कल बांस लेकर आ रही थी। रास्ते में बांस बिजली के तार से सट गया, जिससे मेरी पत्नी को करेंट लग गया और झुलस गई। उसके बाद घायल अवस्था में पत्नी को सिमरीबख्तियारपुर अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। अभी पोस्टमार्टम करवाने सदर अस्पताल सहरसा आए हैं।
सिमरीबख्तियारपुर थाने के चौकीदार दीपनारायण पासवान ने बताया कि बहियार से बसबिट्टी से बांस लेकर उक्त महिला घर आ रही थी। रास्ते में बिजली का तार लटका हुआ था। उसी तार में बांस छू गया, जिससे महिला को करेंट लग गया। जख्मी अवस्था में सिमरीबख्तियारपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उक्त महिला की मौत हो गई। अभी पोस्टमार्टम करवाने सहरसा आए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना को लेकर सिमरीबख्तियारपुर थाना के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।