Kosi Live-कोशी लाइव OMG BIHAR:पिता ने तीन साल के मासूम को सड़क पर पटका, शव लेकर पहुंचा घर; पहले भी एक बेटी की कर चुका है हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 19, 2023

OMG BIHAR:पिता ने तीन साल के मासूम को सड़क पर पटका, शव लेकर पहुंचा घर; पहले भी एक बेटी की कर चुका है हत्या

गौड़ाबौराम (दरभंगा), संवाद सहयोगी। बिहार के दरभंगा जिले से पिता द्वारा अपने ही बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपित इससे पहले भी अपनी एक बेटी की हत्या कर चुका है।

आरोपित पिता की क्रूरता की कहानी सुन मौके पर पहुंची पुलिस भी अवाक रह गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए आरोपित पिता को दबोच लिया।

घटना जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आसी गांव की है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आरोपित मो. एजाजुल अपने तीन साल के बेटे को लेकर बाहर गया था। इसी दौरान सड़क पर उसने बच्चे को पटक दिया। फिर खून से लथपथ अवस्था में बेटे को लेकर घर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों को उसपर संदेह हुआ। तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां-दादी ने बताई पिता की हैवानियत

मामले को लेकर आरोपित मो. एजाजुल की बहन रेहाना खातून के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। स्वजन ने पुलिस को बताया कि मो. एजाजुल ने अपने तीन साल के बेटे अबू बकर की हत्या की है। अबू की मां शबाना खातून और दादी गुलेशा दहाड़ मारकर रो रही थी। गुलेशा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पोते अबू को अपने साथ सोमवार को कहीं ले गया था। फिर उसकी हत्या कर दी।

नौ बच्चों में दो की हत्या की

बता दें कि मो. एजाजुल के कुल नौ बच्चे थे। इससे पूर्व उसने अपनी एक पुत्री (9 वर्ष) की इसी तरह से हत्या कर दी थी। हालांकि, उस दौरान मामले को दबा दिया गया था। तीन वर्षीय अबू चार भाई और चार बहनों में तीसरे नंबर पर था। बच्चे के शरीर पर जख्म के कई निशान मिले हैं। सूचना पर पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस आरोपित पिता से पूछताछ करने में जुटी है।