कोशी लाइव/खगड़िया में बदमाशों ने युवक को सीने में मारी गोली:जमीनी विवाद के रंजिश में दिया घटना को अंजाम, गंभीर स्थिति में किया गया रेफर।
खगड़िया में जमीनी विवाद के रंजिश में बुधवार को बदमाशों ने एक 25 वर्षीय युवक को सीने में गोली मार दी। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने युवक को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत देख बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि परिजनों के द्वारा युवक को इलाज के लिए बेगूसराय शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया है। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। गोलीबारी में घायल युवक की पहचान बेलदौर बाजार निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है। जबकि घटना बाबा फुलेश्वरनाथ मंदिर के समीप की है।
मंदिर के समीप वाली जमीन का है झगड़ा
बताया जाता है कि बाबा फुलेश्वरनाथ मंदिर के समीप वाली एक जमीन पर विवाद चल रहा है। उक्त जमीन पर राजीव कुमार और बोबिल गांव के एक व्यक्ति के बीच विवाद है। बुधवार की दोपहर करीब ढाई बजे उक्त विवादित जमीन के पास दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। जिसमें एक गोली राजीव के सीने में लग गई। लोगों द्वारा बताया गया कि करीब 8 राउंड गोलीबारी हुई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी
इधर बेलदौर के थानाध्यक्ष पंकज प्रकाश ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व से चले आ रहे जमीनी विवाद के कारण घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।