Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/बाइक व 5 लाख रूपए की डिमांड पूरी नहीं करने पर नवविवाहिता को मार डाला, 2माह पहले किया था लव मैरिज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, April 24, 2023

MADHEPURA/बाइक व 5 लाख रूपए की डिमांड पूरी नहीं करने पर नवविवाहिता को मार डाला, 2माह पहले किया था लव मैरिज

           / Kosi Live Madhepura News/
शंकरपुर के मौरा कबियाही में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार शाम को गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए जाने के कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई, जिसकी सूचना मायकेवालों को रविवार को दी गई। मौके पर पहुंचे मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। जब तक मायके वाले पहुंचते तब तक पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को ससुराल वालों को सौंप दिया था। हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद से ही मृतका के पति व सास-ससुर शव लेकर फरार हो गए और मठाही के आसपास नदी किनारे शव को जला दिया। दो महीने पूर्व ही लड़की ने स्वेच्छा से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया की मामले को लेकर मायके वालों ने आवेदन दिया है। विधिसम्मत करवाई की जा रही है।

इंटर की परीक्षा के दौरान हुआ था प्रेम | 

शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा कबियाही वार्ड नंबर 3 मोजहा टोला निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र विवेक कुमार(22वर्ष) ने सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के कमरगामा वार्ड नंबर 4 निवासी बेचन मंडल की पुत्री सोनी कुमारी (17 वर्ष) के साथ फरवरी 2023 में प्रेम विवाह किया था। इंटर परीक्षा के दौरान दोनों के बीच प्रेम पनपा और परीक्षा के दौरान ही दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद से ही मृतका ससुराल में रह रही थी। शादी के कुछ दिन तक रिश्ता ठीक रहा। बाद में लड़की की दूसरी जाति से रहने के कारण उसके पिता से पांच लाख रुपए और गाड़ी की मांग की जाने लगी। मायके वालों ने तत्काल इतना रुपया और गाड़ी देने से इंकार कर दिया। जिसके बाद सास-ससुर व पति उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। इससे तंग आकर सोनी ने शनिवार को जहर खा ली। स्थिति बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई। हालांकि, मायकेवालाें का कहना है कि ससुरालवालाें ने उसे जबरदस्ती जहर खिलाया है।

12 घंटे बाद मायके वालों को दी जानकारी।

मृतका के पिता कमरगामा निवासी बेचन मंडल ने बताया कि सोनी का प्रेम विवाह शंकरपुर थाना क्षेत्र के मोरा कबियाही पंचायत के वार्ड नंबर 3 निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र विवेक कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद लड़के के पिता 5 लाख रुपए व गाड़ी की मांग करने लगे। इसी सिलसिले में 10 दिन पूर्व वे उनके घर पहुंचे थे। पैसा नहीं होने की बात कहने पर वे लौट गए थे। रविवार को 11 बजे अचानक बेटी की मौत की जानकारी मिली। लोगों ने बताया कि शनिवार रात को ही उसकी मौत हुई थी। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर लड़की की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ससुर राजेंद्र यादव, सास मंजू देवी व पति विवेक यादव ने हत्या कर उनकी बेटी की लाश को कहीं छिपा दिया है।

पोस्टमार्टम के बाद शव को ससुराल पक्ष के लोगों को सौंप दिया गया। मृतका के परिजनों के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अजय नारायण यादव, एसडीपीओ, मधेपुरा