एलएनएमयू ने दो वर्षीय बीएड एवं शिक्षा शास्त्री में नामांकन के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग की तिथि जारी कर दी है। सीईटी-बीएड-2023 की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थी 23 अप्रैल यानी आज से लेकर 3 मई तक आधिकारिक वेबसाइट www.biharcetbed-Inmu.in पर लॉग इन कर ऑनलाइन काउंसिलिंग एवं महाविद्यालयों व संस्थानों में नामांकन के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
सभी सफल अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य
सभी सफल अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग की प्रक्रिया में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन के समय ही महाविद्यालयों व संस्थानों का चयन भी करना होगा। अभ्यर्थी न्यूनतम 3 और अधिकतम 9 महाविद्यालयों व संस्थानों का चयन कर सकेंगे।
कितना लगेगा शुल्क
काउंसिलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क अनारक्षित के लिए 1000 रुपए, वीसी, इवीसी, महिला, इडब्ल्यूएस, दिव्यांग के लिए 750 रुपए एवं एससी/ एसटी के लिए 500 रुपए निर्धारित किए गए हैं। राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो एके मेहता ने बताया कि 9 मई को वेबसाइट पर आवंटित महाविद्यालयों व संस्थानों की सूची जारी कर दी जाएगी।
10 मई से 22 मई तक अभ्यर्थी आवंटित महाविद्यालयों व संस्थानों के लिए सहमति देंगे तथा 3000 रुपए आंशिक नामांकन शुल्क (सभी अभ्यर्थियों के लिए) ऑनलाइन ही जमा करेंगे। इसके बाद 10 मई से 25 मई तक अभ्यर्थी आवंटित महाविद्यालय व संस्थान में पेपर सत्यापन करवाएंगे। पेपर सत्यापन के वाद नामांकन ले सकेंगे।
हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
काउंसिलिंग से लेकर नामांकन तक की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 9431041694 एवं ईमेल helpdeskcetbed 2023@ gmail.com द्वारा परामर्श ले सकेंगे। प्रो. मेहता ने अभ्यर्थियों को इस बात पर विशेष ध्यान रखने के लिए कहा कि काउंसिलिंग के लिए सिर्फ एक बार ही रजिस्ट्रेशन होगा।