ध्रुव मंडल गिरोह का सक्रिय सदस्य है गोलू सिंह
ग्वालपाड़ा व अरार ओपी पुलिस ने बिहारीगंज पुलिस की मदद से अपराधी गोलू सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मधुकरचक निवासी गोलू सिंह कांड संख्या 36/23 में प्राथमिकी अभियुक्त है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। ओपी अध्यक्ष रोशन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार गोलू सिंह शातिर बदमाश ध्रुव मंडल गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गोलू सिंह के विरुद्ध विभिन्न थानों में केस दर्ज है। बताते चलें कि गत दिनों ध्रुव मंडल को उसके साथी सोनू कुमार के साथ हथियार एवं जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उस वक्त गोलू सिंह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। दूसरी तरफ कंटाही वार्ड नंबर 5 निवासी अनिल यादव एवं बिरगांव बेलदारी टोला निवासी ललन यादव को गिरफ्तार किया गया। ओपी अध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि दोनों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।