राघोपुर थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की रात धरहरा गांव में एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन कर बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो देशी कट्टा, 9 पीस 315 बोर का गोली का खोखा, के साथ- साथ हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाली औजार जैसे पांच पीस लोहे का रेती, चार पीस लोहे का पाइप, दो पीस लोहे का छेनी, दो पीस हथौड़ी बरामद किया गया है। हथियार बनाने वाले धरहरा धत्ता टोला वार्ड 7 निवासी अशोक शर्मा को भी गिरफ्तार किया है।
घर पर हुई छापेमारी
बीरपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार की रात्रि रेड छापेमारी के क्रम में राघोपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के धरहरा गांव वार्ड नम्बर 7 में अशोक शर्मा नामक व्यक्ति अपने घर मे अवैध हथियार बनाने का काम करता है। बताया कि सूचना संकलन के बाद उसके आलोक में राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश केसरी के नेतृत्व में टीम बनाकर अशोक शर्मा के घर छापेमारी किया गया। बताया कि छापेमारी के क्रम में उसका पूरा घर की तलासी लिया गया। तलाशी के क्रम में एक घर से चौकी पर बेड के नीचे से दो देशी कट्टा, तथा 9 पीस 315 बोर का गोली का खोखा बरामद किया गया।
5 साल से हथियार बेचने का काम करता था
वहीं प्लास्टिक के बोरे में रखा हथियार बनाने वाला अन्य कई उपकरण भी बरामद किया गया। बताया कि पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार आरोपी अशोक शर्मा ने बताया कि यह सारा सामान हथियार बनाने में काम आता है। वह लगभग पांच वर्षों से हथियार बनाकर बेचने का काम करता है। देशी कट्टा और औजार के साथ अशोक शर्मा को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। जहां विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या अंकित कर उसे जेल भेजा जा रहा है। बताया कि इस छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष रजनीश केसरी के साथ साथ प्रशिक्षु पुअनि बालेश्वर कुमार, प्रशिक्षु पुअनि अरुण कुमार, सअनि संजीत कुमार मरांडी सहित सशस्त्र बल मौजूद थे।
