Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA NEWS:फंदे से लटका मिला व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, April 10, 2021

PURNEA NEWS:फंदे से लटका मिला व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका

PURNEA BIHAR/

फंदे से लटका मिला व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका

पूर्णिया। गिद्धा गांव स्थित एसएच 65 के किनारे आवास से व्यवसायी केशव भगत का शव मिला। मामले में व्यवसायी की पत्नी नूतन देवी ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतक व्यवसायी के साला के पुत्र मनिहारी निवासी अमन कुमार ने बताया कि उसका फुफेरा भाई प्रवीण कटिहार जेल में बंद है। वह फुआ के साथ उसकी जमानत के लिए दो दिनों से कटिहार में था। सुबह लगभग नौ बजे गिद्धा पहुंचे। घर पर फुफा केशव भगत अकेले ही थे, उनका बड़ा पुत्र प्रीतम भागलपुर में रहता है। उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद था। वे लोग जाफरी का दरवाजा रहने के कारण तोड़कर अंदर घुसे, अंदर भी उसी तरह का फाटक लगा था तथा अंदर से बंद था। फुआ चाबी निकालकर ताला खोलकर भीतर घुसी, तब तक वह बाहर ही था। अचानक फुआ के अंदर से रोने-चिल्लाने की आवाज आने लगी। वह दौड़कर अंदर पहुंचा, देखा उसके फुफा का हाथ-पैर बंधा हुआ था तथा वह घर के धरन में लगी रस्सी से लटके हुए थे। दूसरे कमरे में जो किचेन में इस्तेमाल होता है, उसमें संघर्ष के निशान थे, आइना टूटा पड़ा था तथा किचेन के सामान बिखरे पडे़ थे। उन्होंने तुरत शोर मचाते हुए तत्काल रस्सी काटकर उन्हें उतारा, परंतु वे दम तोड़ चुके थे। तत्काल पुलिस को फोन किया गया। मौके पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए पूर्णिया भेज दिया है।


----------

कोट :

मृतक का मोबाइल कल लगभग चार बजे से ही बंद था, परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार दिया था, इसलिए कुछ भी कहना मुश्किल है, प्रथमदृष्टया में यह आत्महत्या का मामला लगता है। अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है ।

मनोज कुमार, थानाध्यक्ष, रूपौली थाना ।