Kosi Live-कोशी लाइव SSB की महिला कर्मी पर हमला कर सीमा पार भाग गईं नेपाली महिलाएं, फेंकने लगीं पत्‍थर, जानिए फिर क्‍या हुआ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 4, 2021

SSB की महिला कर्मी पर हमला कर सीमा पार भाग गईं नेपाली महिलाएं, फेंकने लगीं पत्‍थर, जानिए फिर क्‍या हुआ


भारत-नेपाल सीमा सोनौली बॉर्डर पर बुधवार को भारत से तस्करी का सामान लेकर जा रहीं नेपाली महिलाओं को एसएसबी की महिला जवान ने रोक दिया। इस पर नेपाली महिलाओं ने झुंड बनाकर एसएसबी की महिला जवान पर हमला कर दिया। इन महिलाओं में कुछ तस्कर भी बताई जा रही हैं। शोर शराबे के बाद वे नेपाल भाग गईं। इसके बाद सीमा पार नेपाल में बेलहिया पुलिस का बैरियर गिरा कर आवागमन बंद कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। पत्थर भी चले। इससे भारतीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। भारतीय प्रशासन ने इस पर नेपाल पुलिस से आपत्ति जताते हुए कार्रवाई को कहा।

बुधवार की शाम एसएसबी जवान सरहद पर भारत से नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों की रूटीन जांच कर रहे थे।

इस दौरान सोनौली बॉर्डर की दो नम्बर गली के रास्ते पर तस्करी का सामान रोके जाने को लेकर नेपाली महिला तस्कर ड्यूटी पर तैनात महिला एसएसबी जवान पर हमला कर सरहद पार कर नेपाल भाग गईं। फिर करीब सौ की संख्या में आकर सरहद के मुख्य मार्ग पर लगे बैरियर को गिरा दिया। आवागमन ठप कर नारेबाजी शुरू कर दी।

सीमा पार नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को मूकदर्शक देख एसएसबी जवानों और पुलिसकर्मियों सहित भारतीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ गया। भारत तरफ के भी लोगों ने एसएसबी के पक्ष में और नेपाल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम नौतनवा प्रमोद कुमार और क्षेत्राधिकारी नौतनवा अजय सिंह चौहान ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। नेपाल सशस्त्र पुलिस भैरहवा के डीएसपी को बुलाकर घटनाक्रम से अवगत कराया। आरोपित महिला तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की बात रखी। वहीं, भैरहवां, नेपाल के विधायक संतोष पांडेय भारतीय अधिकारियों से मिले, लेकिन बात नहीं बनी। देर शाम तक सीमा बंद रही।

एसएसबी महिला जवान पर हमला निंदनीय है। जवान पर हमला भी किया गया और रास्ता बंद कर नारेबाजी भी की जा रही है। इस घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। नेपाल के सशस्त्र पुलिस के डीएसपी भैरहवा को डंडा हेड पर बुलाकर शिकायत दर्ज कराई गई है। तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
अजय सिंह चौहान, सीओ, नौतनवा