दर्ज हैं 14 मामले
एसपी ने बताया कि विपीन यादव पर जिले के सलखुआ, बख्तितयारपुर, कनरिया, चिडैया, सदर थाना में 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में इसपर इनाम घोषित किया गया था। जिसके बाद इसकी गिरफ्तारी हुई थी। लेकिन जेल से जमानत पर छूटने के बाद भी आपराधिक गिरोह चलाने लगा था। मौके पर बख्तियारपुर थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, सलखुआ थानाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद, बलवाहाट ओपी प्रभारी गुड्डू कुमार, सोनवर्षा राज के अकमल हुसैन, बनमा-ईटहरी ओपी अध्यक्ष कमलेश प्रसाद सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
अपडेट/सहरसा पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी विपिन पहलवान कार्बाइन के साथ गिरफ्तार
सहरसा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में सलखुआ थाना क्षेत्र के कुख्यात अपराधी विपिन पहलवान को गिरफ्तार किया गया है. सहरसा पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैया ओपी के चानन गांव का रहने वाला विपिन पहलवान को गिरफ्तार किया गया है. विपिन यादव उर्फ विपिन पहलवान ने हाल में मौसम यादव की हत्या करवाई थी. नाव परिचालन और घाट पर कब्ज़ा को लेकर को लेकर हुए विवाद में उसकी हत्या कराई गई थी. इसके पास से कार्बाइन और 9 एमएम की 5 गोलियां बरामद की गई है. सहरसा पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि एसटीएफ की टीम काफी दिनों से विपिन पहलवान के पीछे लगी थी. इसी दौरान उसके घर के आस पास होने की सूचना मिलने के बाद एसटीएफ के साथ सलखुआ थानाध्यक्ष, सौर बाजार थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम द्वारा छापामारी की गई. गिरफ्तार अपराधी ने मौसम यादव हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इसके खिलाफ अब तक 15 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं. गिरफ्तार विपिन पहलवान के साथ एसटीएफ की कई बार मुठभेड़ भी हो चुकी थी. गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ मामलों में जमानत रद्दीकरण का प्रस्ताव भी न्यायालय में समर्पित करने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया गया है.
बीस लाख की नाव जलाने और घाट पर कब्जा करने को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में विपिन पहलवान ने स्वीकार किया है कि मौसम यादव के साथ उसकी घाट पर कब्जे को लेकर अदावत चलते रहती थी. घाट पर कब्जे और नाव परिचालन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था. कुछ महीने पहले मौसम यादव ने विपिन यादव की नाव जला दी थी. विपिन पहलवान ने बताया है कि उसकी बीस लाख रुपए मूल्य की नाव को मौसम यादव द्वारा जला दिया गया था तथा घाट पर कब्जे को लेकर भी वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी. इसी कारण उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मौसम यादव की हत्या करा दी थी. मौसम यादव की हत्या में इसके द्वारा हथियार मुहैया कराया गया था. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल कुछ अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है.

विपिन यादव की जमानत रद्द कराएगी सहरसा पुलिस
पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार में शामिल अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि विपिन पहलवान पेशेवर अपराधी है तथा कई आपराधिक कांडों को इसके द्वारा अंजाम दिया गया है तथा अभी भी इसकी सक्रियता बनी हुई है. सलखुआ थानाध्यक्ष को गिरफ्तार अपराधी विपिन यादव की जमानत रद्द कराने का प्रस्ताव न्यायालय में समर्पित करने के लिए निर्देश दिया गया है.
सभी थानाध्यक्षों को अभियान चलाने का निर्देश
सहरसा पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानाध्यक्षों को अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. एसपी ने बताया कि सक्रिय अपराधियों की सूची बनाकर कार्रवाई की जा रही है. हत्या, लूट, अपहरण, डकैती जैसे मामलों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिया गया है तथा उनके खिलाफ स्पीडी ट्रायल शुरू कराया जाएगा ताकि उन्हें एक निश्चित समय सीमा के अंदर न्यायिक प्रक्रिया का पालन करवा कर सजा दिलाई जा सके.
लापरवाही बरतने वाले अफसर होंगे दंडित
अपराधियों की गिरफ्तारी तथा शांति व्यवस्था कायम करने में लापरवाही दिखाने वाले अफसरों पर कार्रवाई भी की जाएगी. पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की जा रही है तथा इस दौरान कुछ पदाधिकारियों को चिन्हित किया गया है. लापरवाही बरतने वाले सभी पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

