बक्सर की रिपोर्ट के मुताबिक मुफ्फसिल थाना अंतर्गत पांडेयपट्टी गांव की महिला को होली के दिन सोमवार को उस समय गोली मार दी गई जब उसने अपने घर के पास युवकों को अश्लील गाने बजाने से मना करते हुए विरोध किया।
इसके बाद एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसे गोली मार दी। बक्सर के एसडीपीओ गोरख राम ने कहा, गोलीबारी गाने के विवाद के दौरान हुई। महिला के पैर में गोली लगी है। हम मामले की जांच कर रहे हैं।
नालंदा में, अश्लील भोजपुरी गाने बजाने का विरोध करने पर उपद्रवियों ने मिया-बिगहा गांव में तीन झोपड़ियों में आग लगा दी और चार लोगों को घायल कर दिया।भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में दो गुटों के बीच झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जब सड़क पर क्रिकेट खेलने के दौरान एक समूह पर दूसरा समूह रंग डाल दिया। घटना के बाद दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला किया और कई दुकानों में आग लगा दी। घटना के बाद भागलपुर एसएसपी निताशा गुड़िया ने कहा कि स्थिति सामान्य है और पुलिस दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही है।
उधर मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में होली के दिन सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच गोलीबारी में दो भाइयों सहित तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मधुबनी के एसपी डॉ. सत्य प्रकाश ने कहा कि घायलों में से दो को पटना रेफर किया गया जबकि एक को दरभंगा रेफर किया गया।
वहीं राजधानी पटना के दानापुर में दो पक्षों में मारपीट और गोलीबारी में जहां दो युवक की मौत हो गई वहीं दो अन्य घायल हो गए। घटना शाहपुर थाना के मठियापुर में होली की रात को घटी। जानकारी के मुताबिक मठियापुर गांव में नीतीश आहर के पास किसी बात पर दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई।
इसमें सिवान निवासी राज कुमार यादव और मठियापुर निवासी मनीष कुमार की मौत हो गई वहीं। मठियापुर के सुजीत कुमार और मुन्ना कुमार घायल हो गए। टकराव की खबर की सूचना मिलने पर रात में ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में तनाव का माहौल है। वहीं पुलिस किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए वहां कैंप कर रही है।
