Kosi Live-कोशी लाइव बिहार के गजब डॉक्टरः पेट दर्द से कराह रहा था मरीज, चिकित्सक ने करा दिया सिर का सीटी स्कैन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 20, 2021

बिहार के गजब डॉक्टरः पेट दर्द से कराह रहा था मरीज, चिकित्सक ने करा दिया सिर का सीटी स्कैन

कोशी लाइव डेस्क:

गोपालगंज: सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक चिकित्सक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। उक्त चिकित्सक ने पेट दर्द से कराह रहे एक मरीज के सिर का इलाज शुरू कर दिया। इस क्रम में मरीज को एक निजी अस्पताल में भेजकर मरीज के सिर का सीटी स्कैन भी कराया गया। चिकित्सक की ऐसी लापरवाही पर स्वजनों ने वहां विरोध जताया तो दूसरे चिकित्सक ने पेट का इलाज शुरू किया। इसके बाद पीड़ित के पेट का एक्सरे कराया गया। इसके बाद स्वजन शांत हुए।

पेट दर्द होने पर स्वजन लाए थे अस्पताल

जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के ढ़ेबवा नरहवा गांव निवासी अमरजीत पटेल के पेट में तेज दर्द होने पर स्वजनों ने गुरुवार की शाम उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। उस समय तैनात चिकित्सक ने पेट दर्द का इलाज करने की बजाए उनके सिर का इलाज करना शुरू कर दिया। स्वजन कुछ समझ पाते इससे पहले चिकित्सक ने मरीज के सिर का सीटी स्कैन कराने के लिए पर्ची पर लिखकर दे दिया। मरीज को एक निजी अस्पताल में ले जाकर स्वजनों ने 2500 रुपये खर्च कर सीटी स्कैन कराया। सीटी स्कैन कराकर लौटने के बाद स्वजन रोष जताने लगे। इस बीच शिफ्ट बदलने पर दूसरे चिकित्सक इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गए। स्वजनों ने उस चिकित्सक को मरीज की परेशानी बताई। चिकित्सक डॉ. इरशाद अहमद ने मरीज की फिर से जांच की तो बताया गया कि पेट में दर्द है। इसके बाद चिकित्सक ने उनके पेट का एक्सरे कराकर फिर से इलाज शुरू किया। इसके बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ।

कमीशन के लिए ऐसा करने का लगाया आरोप

स्वजनों ने सीटी स्कैन कराने वाले चिकित्सक पर कमीशन के लिए ऐसा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सदर अस्पताल में सक्रिय दलालों की मिलीभगत से मरीजों को लूटने का काम किया जाता है। इस संबंध में पूछे जाने पर सिविल सर्जन डॉ. टीएन सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी उन्हें भी हुई है। मामले की जांच कराकर दोषी चिकित्सक पर कार्रवाई की जाएगी।