बिहार. बिहार के बक्सर में अपराधियों ने चिलहरी पंचायत के पूर्व सरपंच जगदीश यादव की गोली मार हत्या कर दी. वे प्रतापसागर स्थित अपने घर के सामने बैठकर मंगलवार सुबह अखबार पढ़ रहे थे, तभी बाइक सवार तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी. गोलियां लगते ही सरपंच मौके पर ही गिर गए, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई. इधर घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ के के सिंह और एसडीओ हरेंद्र राम मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली.
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव की तारीखें नजदीक आने के साथ ही अपराधियों ने पंचायत से जुड़े लोगों पर गोलियों की बौछार शुरू कर दी है. हाल में करहंसी पंचायत के पूर्व मुखिया के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
