Kosi Live-कोशी लाइव BSEB Bihar Board 2021: बिहार बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं का मूल्यांकन फरवरी में - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, December 8, 2020

BSEB Bihar Board 2021: बिहार बोर्ड 10वीं, 12वीं की परीक्षाओं का मूल्यांकन फरवरी में


बिहार बोर्ड ने मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं के साथ मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इंटर और मैट्रिक मूल्यांकन के लिए सात-सात केंद्र बनेंगे। फरवरी में परीक्षाओं का मूल्यांकन भी शुरू कर दिया जाएगा। 26 फरवरी से इंटर और 5 मार्च से मैट्रिक का मूल्यांकन शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही  बिहार बोर्ड के इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2021 में 152 आदर्श केंद्र बनाए जाएंगे। बोर्ड के निर्देश पर सभी जिलों में आदर्श केंद्र चिह्नित किए गए हैं। हर जिले में चार-चार आर्दश केंद्र बनाए गए हैं। पटना जिले की बात करें तो राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकीपुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्रीनगर, जेडी वीमेंस कॉलेज और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय गर्दनीबाग को आर्दश केंद्र बनाया गया है। इसकी जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा बिहार बोर्ड को दे दी गयी है। 

कोविड-19 को देखते हुए बिहार बोर्ड ने सभी जिलों को केंद्र की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। प्रदेशभर की बात करें तो पिछले साल की तुलना में 10 से 15 अधिक परीक्षा केंद्र रहेंगे, क्योंकि परीक्षा केंद्र उन्हीं स्कूल या कॉलेज में बनाया जाता है, जहां पर कदाचार मुक्त परीक्षा लेने के इंतजाम हों। ऐसे में हर जिले में एक से दो ही केंद्र बढ़े हैं। इंटर 2020 में प्रदेशभर में 1283 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे। वहीं इस बार 13 सौ के लगभग परीक्षा केंद्र हो सकते हैं। पटना जिला की बात करें तो 2020 में 82 परीक्षा केंद्र थे। वहीं 2021 में 84 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं।