थाना क्षेत्र के भरतखंड बासा मार्ग पर सोमवार की रात पुलिस ने हथियार के साथ तीन बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों के पास से एक पल्सर बाइक भी जब्त की गई। थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि आलमनगर-हरिहर टोला-भरतखंड बासा मार्ग पर नरथुआ और भरतखंड बासा के बीच पुलिया के पास खड़े तीन युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। जिसे एएसआई बुचो साह और पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक युवक दीपक कुमार की कमर से लोडेड देसी कट्टा मिला। दीपक ईटहरी पंचायत के झंडापुर बासा वार्ड संख्या-नौ के सिकंदर मंडल का पुत्र बताया गया। जबकि दो अन्य युवक बजराहा वार्ड संख्या-पांच के वकील चौधरी का पुत्र दिलखुश चौधरी और ठाकुर ऋषिदेव का पुत्र मिथिलेश कुमार बताया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों युवक छिनतई की साजिश रच रहे थे। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है
