पटना, राज्य ब्यूरो । कोरोना महामारी के चलते भले ही सरकारी स्कूलों में पठन-पाठन बाधित है, लेकिन नये साल में विद्यार्थियों की पढ़ाई-लिखाई की तैयारियों में अभी से सरकार जुट गई है। शिक्षा विभाग ने सभी 8 हजार माध्यमिक विद्यालयों में नये शैक्षणिक सत्र से स्मार्ट क्लास को प्रभावी तरीके से लागू कराने की तैयारी में है। इसके लिए विभाग द्वारा 38 जिलों को 89 करोड़ 23 लाख 24 हजार रुपये जारी किया गया है।
प्रत्येक विद्यालय को 90 हजार
स्मार्ट क्लास में 49 से 55 इंच स्क्रीन वाले एक एलईडी टीवी और उसके साथ यूएसबी पोर्ट, वन केवीए इनवर्टर और साथ में बैट्री, 64 जीबी का दो पेन ड्राइव और स्पीकर समेत अन्य उपकरणों व अन्य सामग्री की खरीददारी होगी।
शिक्षकों को स्मार्ट क्लास का प्रशिक्षण
शिक्षा विभाग ने स्मार्ट क्लास में सिलेबस से ही पढ़ाई की व्यवस्था की है। जिस विषय में शिक्षक नहीं होंगे वहां पर स्मार्ट क्लास में टीवी स्क्रीन के जरिये विद्यार्थियों के लिए संबंधित विषय की पढ़ाई होगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (बीईपी) द्वारा स्मार्ट क्लास को संचालित करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
