गर्दनीबाग थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा गर्दनीबाग हाईस्कूल के प्रांगण में चल रही है। मंगलवार को केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए कुल 1600 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसमें 1231 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। फिजिकल टेस्ट के दौरान 50 अभ्यर्थियों को कागजात और बायोमीट्रिक जांच के माध्यम से फर्जीवाड़ा करते पकड़ा गया। सोमवार को भी सात अभ्यर्थियों को फर्जीवाड़ा करने के आरोप में पकड़ा गया था, जिनको मंगलवार की दोपहर जेल भेज दिया गया।
अभ्यर्थियों की निशानदेही पर दो दलाल गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह सॉल्वर गैंग के माध्यम से लिखित परीक्षा पास किये हैं, जिनके दलाल दक्षता परीक्षा के दौरान गर्दनीबाग इंटर कॉलेज के बाहर खड़े हैं। अभ्यर्थियों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों दलालों को दौड़ा कर गिरफ्तार किया है। गर्दनीबाग थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद राज सामने आएगा। जल्द ही सॉल्वर गैंग से जुड़े शातिरों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लिए शातिरों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
