सहरसा। धबौली दक्षिणी पंचायत के टेकनमा बहियार में सोमवार को प्रेम प्रसंग में एक नाबालिग की हुई मौत में मृतका के पिता ने खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप नाबालिग लड़के पर लगाया है। आवेदन में कहा है कि उनकी बेटी को खुदकुशी के लिए विवश किया गया। उधर, ओपी अध्यक्ष अजीत कुमार ने मृतका के पिता के आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को न्यायालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, धबौली दक्षिणी के टेकनमा के वार्ड नंबर आठ के अधेड़ की पंद्रह वर्षीय पुत्री धान काटने के लिए बहियार गई थी। कुछ घंटे बाद उसका शव मिलने से लोगों के बीच हत्या या खुदकुशी किए जाने की चर्चा जोरों पर थी। नाबालिग के साथ धान काटने गई उसकी सहेली ने पुलिस को हत्या करने का आरोप उसके प्रेमी पर लगाया था। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज करते नामजद आरोपित 16 वर्षीय लड़के को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता द्वारा दिये गये आवेदन में कहा गया है कि उनकी लड़की का पड़ोसी से प्रेम प्रसंग चलने की बात सामने आई है। आरोपी द्वारा सोमवार को बहियार में शादी करने के लिए प्रताड़ित किया गया जिसके कारण आक्रोशित होकर उनकी पुत्री ने खुदकुशी कर ली। पिता आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराई है।
