सहरसा। बख्तियारपुर पुलिस ने रविवार की देर रात नगर पंचायत क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस गली रोड स्थित विवेकानंद यादव के मकान में चल रहे कौशल विकास केंद्र से अपराध की योजना बना रहे चार बदमाश को एक लोडेड देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। केंद्र के बाहर लगे एक चार चक्का वाहन को भी जब्त किया गया। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब ग्यारह बजे सूचना मिली कि नगर पंचायत के पोस्ट ऑफिस गली स्थित विवेकानंद यादव के घर में चल रहे कौशल विकास केंद्र में कुछ बदमाश एकत्र होकर अपराध की योजना बना रहे हैं। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार सिंह और पुलिस दल के साथ छापेमारी किया गया। पुलिस को देखते ही सभी बदमाश भागने लगे जिसे पुलिस बलों ने खदेड़कर पकड़ा। गिरफ्तार किए गए दो बदमाश पर पहले से ही आपराधिक मुकदमा दर्ज है। उनलोगों के पास से एक लोडेड पिस्तौल, चार मोबाइल और एक कार बरामद किया गया। वहीं उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में अमन सौरव पिता विवेकानंद यादव धमारा घाट वार्ड नंबर एक थाना मानसी का रहने वाला है, दूसरा बादल कुमार पिता पप्पू गुप्ता नगर पंचायत के ही मस्जिद गली निवासी है। तीसरा आदित्य राज पिता मनोज कुमार मनोज सलखुआ नवटोलिया का रहने वाला है जबकि चौथा लालू कुमार पिता विशुनदेव यादव बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के अलमा खम्हौती पंचायत का रहने वाला है ।उन्होंने बताया कि आदित्य राज के ऊपर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। इसपर सिमरी बाजार के ही एक सब्जी विक्रेता पर गोली चलाने का भी आरोप है। दूसरा बादल कुमार के ऊपर भी आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं जिसमें वह जेल जा चुका है।
