सुपौल। सुपौल में भीषण रोड हादसा : थाना क्षेत्र के एनएच 57 पर धर्मपट्टी के समीप मंगलवार को पिकअप वैन के डिवाइडर से टकराने के बाद पलटने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। जानकारी मुताबिक मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बंगाल नंबर की एक पिकअप वैन डब्ल्यू बी 45/1218 से चालक-उपचालक समेत करीब सात लोग फारबिसगंज से सरायगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में धर्मपट्टी के समीप चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायल को पुलिस व लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना में पश्चिम बंगाल के थाना भालग्राम निवासी रिवशन शेख 50, जुलुम शेख 51 और नाबालिग सरफूल शेख 17 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं स्वजनें के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
