सहरसा। एसबीआइ की मुख्य शाखा से उच्चकों ने सेवानिवृत सैनिक का 40 हजार रुपये से भरा झोला उड़ा लिया। महिषी थाना क्षेत्र के बिजवार गांव के निवासी महिधर राय ने बताया कि वो बैंक से 40 हजार रुपये की निकासी कर बैग में रखकर बैंक में ही बैठे थे कि बगल में रखे बैग को बदमाशों ने उड़ा लिया। इसमें नकद के अलावा पीपीओ, आधार कार्ड, पेन कार्ड, पासबुक व अन्य कागजात थे। उन्होंने बताया कि जबतक हल्ला करते कि उससे पूर्व बदमाश बैग लेकर फरार हो गया। लोगों का कहना है कि जब बैंक में गार्ड तैनात रहते हैं तो फिर उसने बदमाशों को रोका क्यों नहीं। हालांकि यह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो बदमाश को बैग लेकर भागते देखा जा रहा है। पहले बदमाश ने सेवानिवृत सैनिक की कुछ देर तक रैकी की और जैसे ही उन्होंने बैग बगल में रखा कि उसे आसानी से लेकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि इस मामले की छानबीन की जा रही है।
