पूर्णिया। Purnia Crime : सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने कसबा थाना क्षेत्र के यवनपुर स्थित कल्याणी भारत गैस एजेंसी के गोदाम का ताला तोड़ कर गोदाम में रखे तकरीबन 111 भरे हुए गैस सिलिंडर चुराकर कर चलते बनें। वहीं चोरी की घटना की सूचना मिलते ही कसबा थानाध्यक्ष संतोष कुमार घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कल्याणी भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक संदीप कुमार ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने गोदाम की चारदीवारी फांद कर अंदर प्रवेश करते हुए गोदाम में लगे ताले को गैस कटर की मदद से काटकर तकरीबन एक सौ भरे हुए गैस सिलेंडर की चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि गोदाम में कार्यरत नाइट गार्ड घटना के दिन अनुपस्थित था।
वहीं कसबा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पूरे मामले में नाइट गार्ड पवन कुमार की भूमिका काफी संदिग्ध है । पहले तो नाइट गार्ड ने बताया कि उसके साथ मारपीट करके गैस सिलेंडर लूटा गया । वही फिर उसने बताया कि वह घटना के दिन ड्यूटी पर उपस्थित ही नहीं था। नाइट गार्ड द्वारा गैस एजेंसी के प्रबंधक को भी अनुपस्थित होने की जानकारी नहीं दी गयी थी। वहीं गोदाम परिसर में प्रबंधक द्वारा सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगाया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही पुलिस इस पूरे मामले का पटाक्षेप कर देगी। वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे सदर एसडीपीओ आनंद पांडेय ने बारीकी से पूरे मामले की जांच की तथा नाइट गार्ड पवन कुमार से भी पूछताछ की । उन्होंने कहा कि यह घटना एक साजिश है। जिसमें एजेंसी के प्रबंधक एवं गार्ड की संलिप्तता संदिग्ध है। इस पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। दोनों से इस घटना की पूछताछ की जाएगी।
