Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: युवती को जिंदा जलाए जाने के मामले में वैशाली SP ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, November 17, 2020

बिहार: युवती को जिंदा जलाए जाने के मामले में वैशाली SP ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड


वैशाली: बिहार के वैशाली में बीते दिनों छेड़खानी का विरोध करने पर युवती को जिंदा जलाकर मारने के मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी मनीष ने चांदपुरा ओपी थानाध्यक्ष विष्णु देव दुबे को सस्पेंड कर दिया है. इस बात की जानकारी उन्होंने फोन पर दी है. उन्होंने बताया कि चांदपुरा ओपी थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, पीड़िता के घर के बाहर फोर्स की तैनाती कर दी है.

बता दें कि इससे पहले जिला पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों में से एक आरोपी चंदन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. ऐसे में आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार को धमकाना शुरू कर दिया था, जिसके बाद उनके घर के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर दी है.

मंगलवार को मृतिका की बहन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि दबंगों ने उसे धमकी दी है कि वो पुलिस के पास क्यों गयी, उसे भी उसकी बहन की तरह जिंदा जला दिया जाएगा. उसने बताया कि पुलिस भी उनकी मदद नहीं कर रही है.


इधर, मृतिका की मां ने कहा, " पुलिस उनपर दबाव बना रही है कि वो मामले को रफादफा कर दें. पुलिस का कहना कि हमारे हाथ में पावर है थोड़ा टाइम लगेगा लेकिन हम सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे. लेकिन मुझे उन सभी पर भरोसा नहीं है. हमें लगातार धमकी मिल रही है. पुलिस द्वारा शव का जल्दी अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया जा रहा है. अब तक हमारी मदद के लिए कोई आगे नहीं आया है. घर के बाहर 150 के आसपास पुलिस जवान हैं जो बाहर नहीं निकलने दे रहे."