मधेपुरा। बिहारीगंज के महागठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी सुभाषिनी बुंदेला ने मंगलवार को बिहारीगंज प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मिलकर आशीर्वाद व समर्थन मांगा।
उन्होंने कहा कि चार नवंबर बुधवार को बिहारीगंज उच्च विद्यालय मैदान पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जन आशीर्वाद आमसभा होगी। सभा में अधिक से अधिक लोग पहुंचे। प्रत्याशी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों का प्यार व समर्थन को देखते हुए कहा कि उनकी लोकप्रियता देख विपक्षियों की नींद उड़ गई है। सभी डरे हुए हैं। इस बार बिहारीगंज की जनता ने एकजुट होकर पक्ष में मतदान का मन बना लिया है। उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को उन्होंने नजदीक से देखा है। जीत के बाद उनका निदान किया जाएगा। लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना उनकी प्राथमिकता होगी। बिहारीगंज की तस्वीर बदलने के लिए दिन-रात एक कर देंगे। बस सबका सहयोग व साथ इसी प्रकार मिलता रहे। बिहारीगंज बाजार में कई समस्याएं हैं। किसी ने इसे दूर करने की पहल नहीं की। क्षेत्र की तस्वीर बदलने के लिए वे प्रयासरत हैं।
