Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS: रेलवे पुल के समीप रेलवे ट्रैक पर मिले दो शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, November 3, 2020

BIHAR NEWS: रेलवे पुल के समीप रेलवे ट्रैक पर मिले दो शव


पूर्णिया। कसबा थाना क्षेत्र के बड़ियाल जवनपुर स्थित दरगाह रेलवे पुल के समीप रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की सुबह दो व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह स्थानीय ग्रामीण जब रेलवे ट्रैक से गुजर रहे थे तो वहां किनारे पड़े शव को देखा । उन्होंने इसकी सूचना कसबा थाना तथा जीआरपी थाने को दी। मृतक की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के संझेली पंचायत के वार्ड संख्या 15 निवासी मुस्तकीम कुरेशी के 35 वर्षीय पुत्र आशो कुरेशी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान संझेली पंचायत के ही मो. कमरुद्दीन के 45 वर्षीय पुत्र मो. आलमगीर के रूप में की गई है।

सूचना मिलते ही कसबा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया । वहीं मृतक के स्वजनों ने बताया कि दोनों युवक मवेशी व्यापारी था। इसी सिलसिले में सोमवार की शाम को कसबा मदारघाट वार्ड संख्या 11 निवासी अपने जीजा मो. अनवर के यहां गया था। यह दुर्घटना नही बल्कि हत्या है। स्वजनों ने हत्या का आरोप आशो कुरेशी के बहनोई मो. अनवर पर लगाया है। वहीं घटना के संबंध के कसबा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा कि दुर्घटना है या हत्या ।