Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भी अब शुरू होगी MBBS की पढ़ाईः मंगल पांडेय - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, November 3, 2020

MADHEPURA:मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भी अब शुरू होगी MBBS की पढ़ाईः मंगल पांडेय


पटना: बीजेपी नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने नेशनल मेडिकल कमीशन (राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग) द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, मधेपुरा में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए मान्यता देने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कमीशन का आभार जताया है.

उन्होंने कहा कि कमीशन से मान्यता मिलने के बाद मधेपुरा में जहां एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई होगी, वहीं अब हर साल इस संस्थान से एक सौ डॉक्टर भी तैयार होंगे. यह राज्य का 17 वां मेडिकल कॉलेज होगा, जहां एमबीबीएस की पढ़ाई होगी. इससे न सिर्फ स्थानीय स्तर पर डॉक्टर बनने वाले युवाओं को नामांकन में आसानी होगी बल्कि, कोसी क्षेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में और भी मजबूत होगा.

मंगल पांडेय ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में एनडीए सरकार के प्रयास से मेडिकल कॉलेजों की संख्या 9 से बढ़कर अब 17 हो गई है. अगले 5 वर्षों में और 11 मेडिकल कॉलेज खुल जाएंगे, जिसके निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है. इस प्रकार 5 वर्षों के बाद कुल 28 मेडिकल कॉलेज राज्य में हो जाएंगे. इससे जहां राज्य की स्वास्थ्य सेवा बेहतर और सुदृढ़ होगी, वहीं दूसरी ओर नर्सिंग की भी पढ़ाई से स्वास्थ्य सेवाओं मे गुणात्मक सुधार होगा.

स्वास्थ मंत्री ने कहा कि इन नए मेडिकल कॉलेजों के खुलने से राज्य के आर्थिक स्थिति में भी लाभ होगा और रोजगार सृजण के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर सृजित होंगे. इन मेडिकल कॉलेजों के चालू हो जाने से बिहार के छात्रों की कम पैसे में डॉक्टर बनने की इच्छा भी पूरी होगी.