सुपौल,प्रतापगंज प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर उत्तर पंचायत स्थित गंगसायर गांव के वार्ड नंबर 14 निवासी डोमी यादव का 15 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार उर्फ ठीठर का पेड़ का डाल काटने के दौरान नीचे गिर जाने से उसकी मौत हो गई। स्वजन के अनुसार ठीठर मंगलवार की सुबह अपने खेत से धान काटकर लगभग नौ बजे के करीब घर आया और नाश्ता किया। उसके बाद उसे चल रहे निर्माणाधीन रेलवे के कार्य में मजदूरी के लिए जाना था। लेकिन उससे पूर्व वह आंगन में धूप नहीं आने की वजह से कदम के पेड़ पर चढ़कर डाल काटने लगा। एक डाल को काटकर जैसे ही दूसरी डाल को काट रहा था, उसी क्रम में वह अचानक नीचे गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुन स्वजन पेड़ की ओर दौड़े। वहां पहुंचकर देखा तो सबके पैरों तले की जमीन ही खिसक गई। जब तक पानी का छींटा आदि देकर कुछ कर पाते तब तक उसकी मौत हो गई। स्वजनों के चीख व चीत्कार को सुन गांव के लोगों को जमावड़ा मृतक के घर लग गया। वहां पहुंचे लोगों की आंखें उक्नत घटना को देख नम हो गई। मौत की सूचना मिलते ही उसके घर प्रमुख भूप नारायण यादव, चिलौनी दक्षिण के पूर्व मुखिया रामेश्वर यादव, दर्प नारायण यादव आदि गणमान्य लोगों ने पहुंच स्वजनों को ढ़ाढस बंधाया। उन्होेन इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की और पीडित परिवार को हर संभव सहायता देने का भरेसा दिया।
