सर्दी में बच्चे , बुज़ुर्ग सहित सहरूग्णता के मरीज रखें अपना खास ख्याल
-क्रास वेंटिलेशन नहीं रहने से वायरस घर में ही घूमता रहता है।
सुपौल,17 नवम्बर।
जिले में सर्दी के मौसम ने दस्तक दे दी है। कोरोना के कम ही सही परन्तु नये मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में हम सभी को और अधिक सावधान रहने की जरूरत है। कोविड- 19 महामारी के दौरान इस सर्दी में अपने आप को संक्रमण से बचाने के लिए आवश्यक है मास्क लगाना, दो गज की शारीरिक दूरी बनाये रखना एवं हाथों को बार-बार धोना।
तापमान गिरने से वायरस फैलने के आसार -
सिविल सर्जन डा. कृष्ण मोहन प्रसाद ने बताया कि तापमान गिरने से कोरोना सहित अन्य वायरल संक्रमण के फैलने के आसार बढ़ जाते हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण के फैलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उनके मुताबिक ठंड में कोरोना वायरस किसी भी सतह पर कई दिनों तक जीवित रह सकते हैं। एक बार इसके संपर्क में आ जाने के बाद आप कोरोना संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं। जिससे जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है।
क्रास वेंटिलेशन नहीं रहने से वायरस घर में ही घूमता रहता -
डा. कृष्ण मोहन प्रसाद ने कहा कि बढ़ते ठंड के साथ लोग घरों के दरवाजे, खिड़कियाँ आदि बन्द कर लेते हैं। ऐसे में क्रास वेंटिलेशन नहीं हो पाने से वायरस घर में ही घूमता रहता है। जिससे वायरस से संक्रमण की संभावना भी बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए घरों की साफ-सफाई के साथ-साथ सैनिटाइजेशन करना भी आवश्यक है। धूप निकलने पर घरों के दरवाजे एवं खिड़कियाँ खोल वेंटिलेशन होने दें। घर में भी लोग शारीरिक दूरी एवं मास्क का उपयोग करें।
बच्चे, बुज़ुर्ग सहित सरूग्णता के मरीज रखें अपना खास ख्याल-
डा. कृष्ण मोहन प्रसाद ने कहा कि बढ़ते ठंड के साथ बच्चे, बुज़ुर्ग सहित वैसे व्यक्ति जो पूर्व से ही किसी रोग से ग्रसित हों को अपना खास ख्याल रखने की आवश्यकता है। ठंड में बच्चों को वायरस से संक्रमित हो जाने की संभावना जहाँ बढ़ जाती है वहीं बुज़ुर्ग एवं पहले से बीमार चल रहे व्यक्ति जिनकी प्रतिरोधक क्षमता कम रहती है को वायरस आसानी से अपना शिकार बना सकता है। इसलिए आवश्यक है कि बढ़ते ठंड के साथ बच्चे , बुजुर्ग एवं सहरूग्ण्ता के मरीज इस कोरोना काल में अपनी खास देखभाल करें।
कोरोना या किसी प्रकार के वायरल संक्रमण से बचने के उपाय,-
डा. कृष्ण मोहन प्रसाद ने कोरोना सहित अन्य किसी प्रकार के वायरल संक्रमण से बचाव के निम्न उपायों को अपनाने की सलाह दी है।
कोरोना काल में इन बातों का रखें ख्याल -
-मास्क अवश्य पहनें
-बनाये रखें दो गज की शारीरिक दूरी।
-हाथों पर नियंत्रण रखें, मुंह, आंख, नाक और कान के पास कम से कम ले जायें।
-किसी भी प्रकार का बुखार होने पर चिकित्सीय सलाह अवश्य लें।
-सर्दी, खांसी और बुखार होने पर अपना टेस्ट करवायें।
-रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर चिकित्सीय सलाह अनुरूप दवाइयों के सेवन के साथ-साथ 17 दिनों का
आइसोलेशन अनिवार्य करें।
