मधेपुरा।। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस चुनाव के साथ बेरोजगारी हटाओ आंदोलन भी है। डबल इंजन की सरकार 15 सालों में बिहार की जनता को छलने का काम किया है। इस चुनाव में नीतीश कुमार की विदाई तय है। पूर्व उपमुख्यमंत्री मंगलवार को कुमारखंड में प्रत्याशी चंद्रहास चौपाल, मुरलीगंज में कांग्रेस प्रत्याशी सुभाषिनी बुंदेला, मधेपुरा में राजद प्रत्याशी प्रो.चंद्रशेखर व आलमनगर में राजद प्रत्याशी ई.नवीन निषाद के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
बढ़ता अपराध नजर नहीं आ रहा
मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी, नीतीश को बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ता अपराध नजर नहीं आ रहा है।
लालू ने दिया रेलवे को 90 हजार करोड़ का मुनाफा
रेलवे को 90 हजार करोड़ मुनाफा दिया। मेरे पिता लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय किया। हम आर्थिक न्याय देने का काम करेंगे। पिछले चुनाव में साथ लड़कर नीतीश ने धोखा देने का काम किया। इस चुनाव में प्रदेश की जनता उनको सबक सिखा देगी। मधेपुरा लालू प्रसाद की विरासत रही है। अगर मुझे मुख्यमंत्री बनाना है तो हरहाल में मधेपुरा की सभी विधानसभा को जीतना होगा, क्योंकि लड़ाई सरकार बनाने की है।
किसी प्रकार की भूल हुई तो माफी दीजिए
उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रो. चंद्रशेखर को उम्मीदवार बनाया है, उनसे अगर किसी प्रकार की भूल भी हुई होगी तो माफ कर फिर भारी मतों से विजयी बनाने का काम कीजिएगा। राजद गठबंधन की सरकार बिहार में बनने के बाद पहली कैबिनेट की बैठक में दस लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। वित्तरहित शिक्षकों को स्थायी कर मानदेय बढ़ाने काम काम किया जाएगा। प्रदेश में विकास और अमन चैन कायम किया जाएगा।
