मधेपुरा। जिले के चार विधानसभा क्षेत्र के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ होगी। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो जाएगी। सभी विधानसभाओं के लिए अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं। मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार है। जबकि सिंहेश्वर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी मधेपुरा के भूमि सुधार उप समाहर्ता हैं। इसी तरह उदाकिशुनगंज में बिहारीगंज के निर्वाची पदाधिकारी उदाकिशुनगंज एसडीओ व आलमनगर के निर्वाची पदाधिकारी उदाकिशुनगंज डीसीएलआर हैं। इस बार कोरोना प्रोटोकाल को लेकर काफी एहतियात बरती जा रही है। निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय वेश्म में प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर पाएंगे। दो विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों का नामांकन सदर अनुमंडल कार्यालय में होगा। मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी का नामांकन एसडीओ के समक्ष होगा।जबकि सिंहेश्वर के उम्मीदवारों का नामांकन डीसीएलआर कार्यालय में होगा। अनुमंडल प्रशासन द्वारा इसकी सारी तैयारियां कर ली गई है। अनावश्यक भीड़ को लेकर आने वाले प्रत्याशियों के विरूद्ध निर्वाची पदाधिकारी के द्वारा कार्रवाई की जाएगी। इस बार कोरोना के कारण ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने की सुविधा भी दी गई है। यद्यपि ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने के बाद भी प्रत्याशी को उसका प्रिट लेकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होना पड़ेगा।
कोट नामांकन के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है पूरे कैंपस में सीसीटीवी लगाई गई है। जबकि वीडियोग्राफर भी तैनात रहेंगे। किसी भी एक प्रत्याशी के साथ उसके दो प्रस्तावक ही आ पाएंगे। इसके अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। सभी प्रत्याशियों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। प्रत्याशी के साथ अगर अनावश्यक रूप से अत्यधिक लोग आते हैं तो उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। -नीरज कुमार,सदर एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी, मधेपुरा
विस चुनाव की महत्वपूर्ण तिथि जारी अधिसूचना जारी किए जाने की तिथि :13 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि : 20 अक्टूबर नामांकन पत्र की संवीक्षा : 21 अक्टूबर अभ्यर्थी वापसी की अंतिम तिथि : 23 अक्टूबर मतदान की तिथि : 07 नवंबर मतगणना की तिथि : 10 नवंबर