सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के डुमरैल में आपसी रंजिश को लेकर सोमवार की शाम दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान गोलीबारी भी की गई। घटना में एक पक्ष से दो लोग व एक पक्ष से एक के जख्मी होने की सूचना है। जख्मी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। एक पक्ष की निशा देवी उर्फ रूपम ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि शाम में कारी यादव, बीरबल यादव, राजा यादव, बादशाह यादव, रामबहादुर यादव, अंशु यादव व अन्य अज्ञात लोग पहुंचे और उनके पति और देवर की तलाश शुरू की। साथ ही उनके साथ मारपीट की जबकि पति प्रकाश यादव को गोली मारकर जख्मी कर दिया। देवर सुनील यादव की भी अंगुली तोड़ दी। उन्होंने रंगदारी मांगने, घर में घुसकर लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से सभी लोगों ने उनके पति व देवर के साथ मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष से कारी यादव के जख्मी रहने की सूचना है। तीनों को सदर अस्पताल लाया गया जहां एक पक्ष के दो लोगों का इलाज चल रहा है जबकि दूसरे पक्ष के व्यक्ति का निजी नर्सिंग होम में इलाज रह रहा है। दूसरे पक्ष के लोगों ने प्रकाश यादव व सुनील यादव पर मारपीट कर जख्मी करने व छिनतई का आरोप लगाते हुए गोलीबारी की बात कही है। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।