Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:पटना जंक्शन पर व्यापारी से 8.42 करोड़ का सोना जब्त, ट्रेन में मिली 27 लाख की चांदी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, October 11, 2020

BIHAR NEWS:पटना जंक्शन पर व्यापारी से 8.42 करोड़ का सोना जब्त, ट्रेन में मिली 27 लाख की चांदी

पटना। रेल पुलिस ने शनिवार को पटना जंक्शन के चार नंबर गेट के पास से एक व्यापारी को 8.42 करोड़ के सोने के जेवरात के साथ हिरासत में लिया है। उसके पास से 2.30 लाख नकदी भी बरामद हुई है। व्यापारी ने कच्चा कागज दिखाया। उस पर कोलकाता के व्यापारी का नाम दर्ज था। संबंधित व्यापारी से बात की गई तो उसने अपना माल होने से इनकार कर दिया। वहीं, पटना में जिस ज्वैलर्स के यहां डिलीवरी की बात बताई, उसने भी मामले से इन्कार कर दिया। इसके बाद आयकर और सेल्स टैक्स को जानकारी दी है। दोनों विभागों अधिकारियों ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। इसी तरह आरपीएफ की टीम ने नई दिल्ली से आ रही 02392 श्रमजीवी स्पेशल ट्रेन के लीज वैन से 27 लाख रुपये के चांदी के बर्तन बरामद किए।

अटैची में रखे थे जेवरात

रेल पुलिस निरीक्षक रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यापारी ने पूछताछ में अपना नाम मिथिलेश कुमार बताया। वह जगत नारायण रोड के इंदिरा इनक्लेव का निवासी है। उसके पास नीले रंग की एक अटैची थी, जिसमें सोने के गहने थे। उसका वजन 18.390 किलोग्राम है। पूछताछ में मिथिलेश ने बताया कि वह बाकरगंज के व्यापारियों के लिए काम करता है। कोलकाता से वह शालीमार दोरंतो एक्सप्रेस से माल लेकर पटना आया था। बाहर निकलने के दौरान ही वह पकड़ा गया। उसने बाकरगंज के ही राधिका ज्वेलर्स के गहने होने की बात कही। हालांकि, राधिका ज्वेलर्स ने इससे इनकार किया है। बरामद सोना बिना टैक्स का है। आयकर व सेल्सटैक्स अब जांच में जुटी है। रेल पुलिस आरोपित व्यापारी मिथिलेश के साथ बाकरगंज के कुछ व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी करने जा रही है। देर रात तक रेल पुलिस छापेमारी में जुटी रही।

आरपीएफ ने जब्त किए 27 लाख के चांदी के बर्तन

 
पटना जंक्शन पर शनिवार को आरपीएफ की टीम ने नई दिल्ली से आ रही 02392 श्रमजीवी स्पेशल ट्रेन के लीज वैन से 27 लाख रुपये के चांदी के बर्तन बरामद किए। बगैर किसी वैध कागजात के इसे दिल्ली से माही एक्सपोर्ट सर्विसेज की ओर से पटना के लिए बुक किया गया था। इस माल को पटना में सुधीर यादव द्वारा रिसीव करना था। छापेमारी के समय सुधीर यादव ने पार्सल में बैठकर समझौते की कोशिश भी की, लेकिन आरपीएफ ने एक न सुनी तो वह फरार हो गया। भारी मात्रा में चांदी के बर्तन मिलने की सूचना पर आयकर व व्यापार कर के अधिकारी भी जांच करने पहुंच गए। सुधीर की गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ टीम छापेमारी कर रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर बीके सिंह ने बताया, कई दिनों से उनकी टीम सुधीर यादव के पीछे लगी थी। वह पिछले आठ साल से चांदी के धंधे में लगा था। बाकरगंज के दर्जनभर व्यापारियों के साथ राजधानी के चांदी के कई थोक व्यापारियों का माल वही लाता था। बरामद चांदी के बर्तनों में 401 गिलास व 100 प्लेट हैं। कुल 43.100 किग्रा चांदी बरामद की गई है।