Kosi Live-कोशी लाइव ब्रेकिंग न्यूज़/Bihar Election NDA Seat Sharing: रामविलास पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ी, LJP की बैठक टाल अस्पताल निकले चिराग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 3, 2020

ब्रेकिंग न्यूज़/Bihar Election NDA Seat Sharing: रामविलास पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ी, LJP की बैठक टाल अस्पताल निकले चिराग

पटना, स्‍टेट ब्‍यूरो। Bihar Election NDA Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) का मसला अभी उलझा रहेगा। एनडीए में रहने से लेकर सीट बंटवारे तक तमाम मुद्दों पर शाम खत्म होने वाला सस्‍पेंस अभी बरकरार रहेगा। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की तबीयत बिगड़ने से एलजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक टल गई है। लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान व सांसद प्रिंस राज अस्पताल रवाना हो गए हैं। इस बीच बड़ा सवाल यह खड़ा है कि क्‍या एलजेपी चुनाव में एनडीए में रहते हुए 143 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी? सवाल यह भी है कि ऐसा करते हुए क्‍या उसका एनडीए में बजे रहना संभव है? एनडीए में रहने से लेकर सीट बंटवारे तक तमाम मुद्दे अभी बने हुए हैं। 

रामविलास पासवान की तबीयत बिगड़ी, एलजेपी की बैठक टली

एलजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक के दौरान अचानक खबर मिली कि दिल्ली के अस्पताल में भर्ती केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। इसके बाद चिराग पासवान अस्पताल के लिए रवाना हो गए। हालात को देखते हुए बैठक को टाल दिया गया है।

बैठक में एनडीए के साथ रहने को लेकर अंतिम फैसला 

चुनाव के पहले पार्टी की यह आखिरी बैठक थी। इसमें पार्टी के सभी सांसद, वरिष्ठ पदाधिकारी और विधायक शामिल होने पहुंचे थे। बैठक में एनडीए के साथ चुनाव लड़ने या 143 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने पर अंतिम फैसला होना था। लेकिन सबकुछ आगे के लिए टल गया है।

एलजेपी अपने लिए मांग रही पसंद की 36 सीटें

विदित हो कि एलजेपी अपने लिए 36 सीटों की मांग कर रही है। इसके साथ ही पार्टी की शर्त है कि उसे अधिकतर सीट पसंद की दी जाएं। यदि एलजेपी की यह मांग मान ली जाए तो बीजेपी और जेडीयू को अपने कोटे की कई सीटों पर समझौता करना होगा। यही कारण है कि एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान की बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें होने के बाद भी मामला नहीं सुलझा है। 

चिराग पासवान के रूख में नरमी की उम्‍मीद

मालूम हाे कि इसके पहले एलजेपी ने 143 सीटों पर प्रत्‍याशी उतारने की बात कही थी। एलजेपी ने यह भी स्‍पष्‍ट किया है कि एनडीए में वह बीजेपी के साथ है तथा वह जेडीयू के खिलाफ प्रत्‍याशी उतारेगी। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि इस मुद्दे पर एनडीए छोड़ने के फैसले से पार्टी के कई वरीय नेता सहमत नहीं हैं। इस बीच पिता रातविलास पासवान की तबीयत भी बिगड़ गई है। बाहरी दबाव से घिरे चिराग पारविारिक मुश्किल में भी फंस गए दिख रहे हैं। ऐसे में अब उनके रूख में नरमी की उम्‍मीद है।

बीजेपी कर चुकी डैमेज कंट्रोल की अंतिम कोशिश

इसके पहले शुक्रवार को बीजेपी की तरफ से डैमेज कंट्रोल की अंतिम कोशिश की जा चुकी है। शुक्रवार को चिराग की बीजेपी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) एवं गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) से फिर बात हुई। अब फैसला चिराग पासवान को लेना है।

बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल

अब आगे चार अक्‍टूबर को बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। बीजेपी चाहती है कि इस बैठक के पहले एनडीए के सभी दलों की स्थिति स्‍पष्‍ट हो जाए, ताकि वह अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सके। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए प्रत्याशियों का नामांकन एक अक्टूबर से ही शुरू हो गया है, लेकिन एनडीए के प्रत्‍याशी सीटों की घोषणा नहीं होने के कारण अभी तक नामांकन नहीं कर सके हैं।