Kosi Live-कोशी लाइव बड़ी खबर/Bihar Crime:जन्मदिन के पार्टी में गई नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता ने लगाई फांसी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 3, 2020

बड़ी खबर/Bihar Crime:जन्मदिन के पार्टी में गई नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता ने लगाई फांसी

गया। कैमूर के बाद बिहार के गया जिले से एकबार फिर शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। कोंच थाना में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस कृत्य से आहत किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले को लेकर शुक्रवार को कोंच थाने नाबालिग के स्वजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने तीन को नामजद व एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पीड़ित स्वजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में 376डी, पोस्को व एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज है। 

अस्पताल में किया गया था भर्ती, लौटकर लगा ली फांसी

स्वजनों के अनुसार में घटना 29 सितंबर की है। इस दिन पड़ोस में एक जन्मदिन की पार्टी थी। उस पार्टी में किशोरी गई थी। जहां से देर रात में घर लौटी थी। उसके बाद 30 सितंबर को किशोरी की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उसे इलाज के लिए पटना लेकर गए थे। एक अक्टूबर को लड़की के परिजन उसे घर ले आए। जहां उस किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद शव को लेकर स्वजन कोंच थाना पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज भेजा। 

पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के परिवार द्वारा संदेह के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें तीन को नामजद व एक अज्ञात को आरोपित किया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद टिकारी डीएसपी व एससी-एसटी थानाध्यक्ष पीड़ित परिवार व घटनास्थल का निरीक्षण करने गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया की जांच में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। परिवार द्वारा एक जन्मदिन पार्टी की बात बताई गई है। उन लोगों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन कोई प्रत्यक्षदर्शी व साक्ष्य नहीं मिला है। फिर भी पीड़ित परिवार द्वारा दिए गए आवेदन पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। 

मेनिजाइटिस बीमारी से थी पीड़ित

एसएसपी ने बताया कि अभी तक जांच-पड़ताल में कई तरह बातें सामने आई हैं। किशोरी मेनिजाइटिस बीमारी से ग्रसित थी। इसका इलाज पहले भी गया में भी कराया था। 30 सितंबर को उसकी घर में हालत खराब हुई थी। इसलिए पटना इलाज कराने के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि किशोरी की मौत को गंभीरता से लिया गया है। इसे लेकर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक से बातचीत की गई। यौन शोषण बिंदु पर भी पोस्टमॉर्टम कराने का आग्रह किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगी। जांच में अगर जो भी दोषी मिलेंगे उनपर कार्रवाई होगी।