Kosi Live-कोशी लाइव VIDEO: पूर्णिया में कनकई का रौद्र रूप, चंद सेकेंड में ही नदी में समा गया किनारे बना मकान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 12, 2020

VIDEO: पूर्णिया में कनकई का रौद्र रूप, चंद सेकेंड में ही नदी में समा गया किनारे बना मकान

पूर्णिया. नदियों का कहर किस कदर जारी है इसका एक नजारा आप खुद देख सकते हैं. बायसी के ताराबाड़ी में महज चन्द सेकेंड में एक बड़ा पक्का मकान कनकई नदी (Kankai River) में विलीन हो गया. नदी में मकान के धराशायी होने का ये लाइव विजुअल सामने आया है. विजुअल में आप देख सकते हैं कि एक तरफ जहां बड़े बिल्डिंग नदी में धराशायी हो रहे हैं. वहीं लोग अपने ही हाथों अपने बनाये आशियाने को तोड़कर पलायन कर रहे हैं.

तिनका तिनका जोड़कर लोगों ने पक्का मकान बनाया लेकिन कनकई के कहर ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया. स्थानीय पीड़ित जाकिर ने कहा कि अब तक ताराबाड़ी व चनकी पंचायत में दर्जनों मकान और कच्चे घर नदी में कटकर विलीन हो चुके हैं. लेकिन आजतक कोई जनप्रतिनिधि या पदाधिकारी देखने तक नहीं आये हैं.




इससे पहले भी कई मकान और घर टूट कर नदी में गिर चुके हैं. इसकी सूचना बायसी के विधायक हाजी सुभान और सांसद मोहम्मद जावेद को भी दी गई. स्थानीय प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई, लेकिन आज तक किसी ने सुधि लेने की कोशिश नहीं की है.

कोरोना के कहर के बीच बाढ़ का प्रकोप झेल रहे ग्रामीणों ने इसबार चुनाव में वोट के बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. लोगों ने कहा कि कनकई नदी के कटाव के कारण चंकी और ताराबाड़ी का अस्तित्व समाप्त होने के कगार पर है.