Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा:सड़क हादसे में जीजा की मौत, साला घायल। - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 19, 2020

सहरसा:सड़क हादसे में जीजा की मौत, साला घायल।

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत कांठो पंचायत के चपराम गांव के पास बुधवार को सड़क दुर्घटना में जीजा की मौत हो गई, जबकि साला बुरी तरह से घायल हो गया। मृतक की पहचान सकड़ा-पहाड़पुर पंचायत के सकड़ा गांव वार्ड नंबर दो निवासी इंदल यादव, पिता महंथी यादव के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में घायल पहाड़पुर गांव निवासी कुंदन यादव पिता चंदेश्वरी यादव इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पत्नी काला देवी ने ओपी में आवेदन देकर बताया है कि मेरे पति और मेरा भाई कुंदन यादव बाजार से घरेलू उपयोग का सामान खरीद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे कि चपराम कोठी पोखर के समीप सामने से आ रही एक पिकअप वैन ने मोटरसाइकिल को धक्का मार दिया जिससे मोटरसाइकिल पर सवार मेरे पति और भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गये। दोनों को इलाज के लिए सदर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, परंतु वहां के चिकित्सक ने सहरसा रेफर दिया। सहरसा जाने के दौरान रास्ते में मेरे पति की मौत हो गई और कुंदन का इलाज सिमरी बख्तियारपुर अस्पताल में किया जा रहा है। ग्रामीणों ने चालक और गाड़ी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं महिला ने चालक पर लापरवाही के साथ तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। मृतक अपने पीछे छह पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गया है। ओपी अध्यक्ष हरेश्वर सिंह ने बताया मृतक की पत्नी के दिए आवेदन के आलोक में चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।