Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime: स्विफ्ट डिजायर लेकर बकरी चोरी करने गए थे चार युवक, ग्रामीणों ने एक को खदेड़ कर पकड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, September 19, 2020

Bihar Crime: स्विफ्ट डिजायर लेकर बकरी चोरी करने गए थे चार युवक, ग्रामीणों ने एक को खदेड़ कर पकड़ा

बांका। बांका के बदुआ डैम के पास शुक्रवार को स्विफ्ट डिजायर लेकर चार युवक पहुंचे थे। इस दौरान बकरी चोरी कर भागने के दौरान ग्रामीणों ने उनलोगों को देख लिया। इसके बाद पीछा कर एक युवक को पकड़ कर खूब पीटा। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया युवक भागलपुर शहरी क्षेत्र के तातारपुर इलाके का ताज हुसैन है। वहीं, गाड़ी चला रहा था। वहीं, तीन युवक भीड़ का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 15 दिन के अंदर बदुआ डैम के समीप से कैलाशपहाड़ी गांव के लोगों का दो-तीन खस्सी और पाठा गायब हो गया है। इसको लेकर ग्रामीण चिंतित थे। इसके बाद गांव के कुछ युवकों ने खोजबीन शुरू की। वे लोग अब हर दिन बदुआ डैम के पास आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे। शुक्रवार को दोपहर डीएल आठ सीआर 8113 नंबर की स्विफ्ट डिजायर डैम के समीप रुकी। जिससे चार लोग बाहर निकले। इसी बीच पास में चर रही दो बकरियों को उनलोगों ने उठाकर अपने वाहन में डाल दिया। बकरी आवाज नहीं करे इसके लिए उनलोगों ने आसपास से कुछ घास भी उखाड़कर गाड़ी में डाल दिया और वे लोग वहां से जाने लगे। इसकी जानकारी ग्रामीणों को जैसे ही मिली वे लोग उस गाड़ी का पीछा करने लगे। ग्रामीणों ने साहबगंज बाजार में खदेड़कर गाड़ी के चालक को पकड़ लिया। लेकिन, उसपर सवार तीन अन्य युवक भीड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकला।

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विनोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के चंगुल से चोर को मुक्त कराया। पुलिस ने जब्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चोर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके अन्य साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।