मधेपुरा। श्रीनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में बांस की दो कट्ठा जमीन के लिए पुत्र ने सौतेली मां की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार, पंचायत के वार्ड संख्या पांच खुटहा रजई निवासी मु. रिजवान सौतेली मां सैफुंल खातून पर दो कठ्ठा जमीन को अपने नाम कराने का दवाब बना रहा था। जमीन का केवाला नहीं करने पर जान से मार देने की धमकी देते रहता था। इस भय से सैफुंन बीते बुधवार को घर से कहीं जा रही थी। इसी बीच रिजवान ने सैफुल को रास्ते में ही पकड़ कर पहले पिटाई की उसके बाद भाला मार कर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित तालाब में फेंक दिया।
रविवार की सुबह तालाब के पास बने बाढ़ आश्रय स्थल पर बैठे लोगों को तालाब में तैरते शव को देखा। तालाब में शव की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इस बीच ग्रामीणों ने थाना अध्यक्ष अरुण कुमार को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ चैनपुर गांव पहुंचे। इसी दौरान वार्ड संख्या पांच निवासी मु. इशाक ने शव की शिनाख्त कर थानाध्यक्ष को पुत्र द्वारा पत्नी सैफुल की हत्या किए जाने की जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छान बीन शुरू कर दिया।
मृतका के पति मु. इशाक ने कहा कि बास की दो कट्ठा जमीन को अपने नाम कराने को लेकर पहली पत्नी का पुत्र उनपर दवाब डालता था। साथ ही जान से मार देने की धमकी भी देता था। इसी कारण चार दिन पहले घर से कहीं चली गई थी। थानाध्यक्ष ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
