मधेपुरा। बढ़ रहे अपराध की घटनाओं के बाद भी पुलिस की सुस्ती दूर नहीं हो रही है। छह दिन से गम्हरिया थानाक्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपित अंशु यादव पुलिस को चकमा दे रहा है। 17 नामजद आरोपितों में अब तक मात्र पांच लोगों की गिरफ्तारी हो सकी है। ऐसे में लोगों का विश्वास पुलिस से उठता जा रहा है।
राजद ने सीधे पुलिस पदाधिकारी को घटना के लिए जिम्मेवार ठहराया है वहीं अन्य दलों के नेताओं ने घटना पर चिता जताई है। जदयू नेताओं ने कहा है कि बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने चिता जताई है। वह लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जिले में अपराध की स्थिति यह है कि बदमाश धमकी देकर हत्या कर रहा है, लेकिन पुलिस हत्या रोक नहीं पा रही।
मालूम हो कि जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में 14 सितंबर की रात बदमाशों ने सिंहेश्वर के जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल के बड़े भाई अनिल मंडल (50), रवींद्र यादव (40) व तपेश्वरी यादव (55) को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। तपेश्वरी यादव की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अस्पताल लाने के दौरान राजेंद्र यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। वहीं गंभीर रूप से जख्मी प्रखंड अध्यक्ष के भाई का इलाज दरभंगा में हो रहा है। हत्या का मुख्य आरोपित सिगियोन निवासी अंशु यादव को बनाया गया है।
डर से कई लोग नहीं आ रहे गांव सिगियोन में तनाव को देखते हुए पुलिस बलों की तैनाती की गई है। लोगों को डर है कि अंशु यादव आसपास ही कहीं छिपा हुआ है। कभी भी गांव आ सकता है। डर के साये में लोग किसी प्रकार रह रहे हैं। कई लोग तो बाहर ही रह रहे हैं। डर से गांव भी नहीं आ रहे। लोगों में इस बात को लेकर खौफ है कि कभी भी अनहोनी हो सकता है। घटना को लेकर तीनों अलग-अलग दर्ज प्राथमिकी में कुल 17 लोगों को नामजद किया गया है। इसमें पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अब तक नहीं निकाली जा सकी है गोली 14 सितंबर को अंशु यादव ने तीन लोगों को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इसमें तपेश्वरी यादव व रवींद्र यादव की मौत हो गई थी। वहीं सिंहेश्वर जदयू प्रखंड अध्यक्ष हरेंद्र मंडल के भाई अनिल मंडल जख्मी हो गए थे। उनका इलाज दरभंगा में चल रहा है। प्रखंड अध्यक्ष ने बताया कि अब तक गोली नहीं निकाली जा सकती है। यद्यपि उनके भाई के हालत में सुधार हो रहा है।
कोट मुख्य आरोपित अंशु यादव को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है। -अजय नारायण यादव,
एसडीपीओ, मधेपुरा
