सहरसा। बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही पुलिस ने सघन वाहन जांच शुरू कर दी है। रविवार को सोनवर्षा कचहरी थाना के एएसआई निरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सहरसा सोनवर्षा कचहरी मुख्य मार्ग के भरौली मोड़ पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अचानक से वाहन जांच शुरू होने से बिना हेलमेट एवं पेपर वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। लोग दूसरे रास्ते से निकल कर अपनी वाहन बचाने की फिराक में लगे रहे। पुलिस ने कागज नहीं दिखाने वाले कई वाहन चालकों का दोपहिया वाहन जब्त कर लिया।
थानाध्यक्ष ज्ञानानंद अमरेंद्र ने बताया कि दोपहिया वाहनों पर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है। बिना पेपर वाले वाहनों पर फाइन किया जाएगा व गाड़ी से अवैध सामान की बरामदगी होने पर समान के साथ वाहन भी जब्त कर लिया जाएगा।