मधेपुरा। राजस्व व भूमि सुधार विभाग द्वारा विशेष सर्वेक्षण व बंदोबस्त अधिनियम के तहत जमीन का आधुनिक तकनीक से सर्वेक्षण कार्य की शुरुआत बुधवार से कर दी गई है। इसके लिए मौजावार प्रथम और द्वितीय बैठक में चार मौजा में बैठक संपन्न हो गया है।
शुक्रवार को मौजा लक्ष्मीपुर चंडीस्थान, केवटगामा के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर चंडीस्थान में आमसभा का आयोजन किया गया। बंदोबस्त कार्यालय मधेपुरा द्वारा जारी आदेश के अनुसार शनिवार को रामचौरा व श्रीपुर के लिए कामेश्वर मध्यविद्यालय, रौता में आमसभा आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार सोमवार को इसरायण खुर्द व मझौल के लिए राजीवगांधी सेवा केंद्र यदुआपट्टी व राजीवगांधी सेवा केंद्र टपरा टोला मझौल में सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष सर्वेक्षण व बंदोवस्त शिविर कार्यालय पंचायत सरकार भवन पुरैनी-शिविर संख्या तीन द्वारा जारी सूचना के अनुसार शनिवार को बाघमारा, हनुमान नगर, नैनपट्टी व परमानंदपुर में आमसभा आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में सहायक बंदोवस्त पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि जमीन का अत्याधुनिक तरीके से पीटीएस द्वारा सर्वेक्षण किया जाएगा। प्रखंड में तीन शिविर खोले गए हैं। सभी केंद्रों पर कानूनगो, दर्जनभर अमीन व लिपिक लगाए गए हैं। इसके लिए मौजावार ग्राम सभा आयोजित कर किसानों को जानकारी दी जा रही है। भूमि सर्वेक्षण के लिए किसान अपनी जमीन संबंधित आवश्यक कागजात अपडेट रखें। ताकि जमीन चिन्हित कर सर्वेक्षण करने में सहूलियत हो सके।