मधेपुरा। जदयू के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के गिरफ्तार मुख्य आरोपित राम कुमार पासवान के पास से पुलिस ने एक कट्टा और घटना के समय इस्तेमाल किया गया मोबाइल बरामद किया गया है।
आरोपित ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि हत्या के समय बरामद हथियार का प्रयोग किया गया था। मालूम हो कि गम्हरिया प्रखंड के जदयू अध्यक्ष अशोक कुमार यादव की हत्या 11 अगस्त के रात गोली मार कर अपराधियों ने कर दी थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने अभी तक छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रविवार को पुलिस अधीक्षक योगेंन्द्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी राम कुमार पासवान को सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार की रात गम्हरिया थाना के सीमावर्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। सहरसा जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र सहित गम्हरिया व सिंहेश्वर थान में कई मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी रामकुमार पसवान से जदयू प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार यादव का आपसी विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर उसने 11 अगस्त को जोगबनी चौक उनकी हत्या करवा दी। अशोक हत्याकांड में नामजद 12 अपराधियों में से पुलिस सुरज, प्रहलाद, संदीप तथा हिटलर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि बिट्टू कुमार उर्फ हिमांशु तथा बौआ ने पुलिस दबिश के कारण गम्हरिया थाना में आत्मसमर्पण कर दिया है। रामकुमार की गिरफ्तारी के बाद एक शूटर समेत बचे पांच अपराधी की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है।