Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में फिर बड़ी वारदात: दुकान बंद कर रहे दुकानदार ने गुटका देने से किया मना तो गोली मारकर पान दुकानदार सहित दो व्यक्ति की कर दी हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 18, 2020

बिहार में फिर बड़ी वारदात: दुकान बंद कर रहे दुकानदार ने गुटका देने से किया मना तो गोली मारकर पान दुकानदार सहित दो व्यक्ति की कर दी हत्या

बेगूसराय। बिहार एक बार फिर डबल मर्डर से दहल गया है। अपराधियों ने विश्वकर्मा पूजा की देर रात मामूली विवाद में एक पान दुकानदार समेत दो की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र के हर हर महादेव चौक स्थित एक पान दुकान पर हुई। घटना ने न केवल विश्‍वकर्मा पूजा के अवसर पर विशेष पुलिस इंतजाम के साथ-साथ प्रतिबंधित गुटखा की बिक्री की भी पोल खोल दी है।

मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो अपराधी गुरुवार की रात एक पान दुकान में पहुंचे। उन्‍होंने वहां गुटखा खरीदा। इसी क्रम में उनका दुकानदार से विवाद हो गया। इससे गुस्‍साए अपराधियों ने दुकानदार को गोली मार दी। उन्‍होंने बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को भी गोली मार दी। दोनों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने गुटखा के पैसे मांगने पर देने से इनकार कर दिया। इसी को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अपराधियों ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

मृतक पान दुकानदार की पहचान नयागांव थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी सहदेव सिंंह का पुत्र विकास कुमार के रूप में की गई है। जबकि, बीच-बचाव करने पहुंचा युवक नागदह गांव का रौशन कुमार था।

घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी राजन सिन्हा के नेतृत्व में नगर थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार झा समेत अन्य अधिकारियों ने तफ्तीश की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की पहचान करते हुए एक आरोपित राजीव कुमार को हथियार और बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

विदित हो कि बेगूसराय में हाल के दिनों में कई दोहरे हत्याकांड हुए हैं। इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया है। आए दिन की वारदतों से आम जनता भी भय के साए में जीने को मजबूर है।