मधेपुरा। अपराध नियंत्रण और आमजनों की समस्याओं का समय से निष्पादन प्राथमिकता के आधार किया जाएगा। इसको लेकर सभी थानाध्यक्षों सहित पुलिस पदाधिकारी को दिशा निर्देश जारी किया जा रहा है। उक्त बातें नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने योगदान करने के बाद बुधवार को पत्रकारों से कही।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि योगदान करने के बाद पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के बाद सभी पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त करवाना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। फरार अपराधी की सूची सभी थानों से तलब की गई है। सभी फरार अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही अपराधियों के खिलाफ सीसीए लगाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि शराब बंदी अभियान को सफल बनाने को लेकर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त शराब तस्कर के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के सभी थानाध्यक्ष और ओपी प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि अपराध नियंत्रण को लेकर नियमित रूप से रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान जारी रहना चाहिए। इस कार्य में कोताही वरतने वाले थानाध्यक्ष व ओपी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।