Kosi Live-कोशी लाइव CM सम्राट चौधरी का एलान--जब तक बेटियां घर न पहुंचें, तब तक नहीं सोएगी पुलिस' - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 1, 2026

CM सम्राट चौधरी का एलान--जब तक बेटियां घर न पहुंचें, तब तक नहीं सोएगी पुलिस'

नालंदा पहुंचे CM सम्राट चौधरी: बाबा महतो मेले का उद्घाटन, हर ब्लॉक में वर्ल्ड क्लास शिक्षा और 1 करोड़ रोजगार का विजन

नालंदा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को जिले के परनावा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शरण निवास बाबा महतो साहब की जन्मस्थली पर आयोजित राजकीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को करीब 14 मिनट तक संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार के विकास विजन को विस्तार से रखा।


हर ब्लॉक में वर्ल्ड क्लास शिक्षा का प्लान

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव का संकल्प दोहराते हुए कहा कि सरकार हर ब्लॉक में उच्च गुणवत्ता वाले मॉडल स्कूल और कॉलेज स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों का स्तर इतना बेहतर बनाया जाएगा कि बड़े अधिकारी और राजनेता भी अपने बच्चों का नामांकन कराने के लिए उत्सुक होंगे।
उन्होंने कहा, “जिस दिन इन स्कूलों में एडमिशन के लिए पैरवी आने लगेगी, उसी दिन हम मानेंगे कि हमारा सपना पूरा हुआ।”


बेटियों की सुरक्षा पर सख्त निर्देश

महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जब तक बेटियां स्कूल-कॉलेज से सुरक्षित घर नहीं लौट आतीं, तब तक पुलिस पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर रहेगी।


19 मई से पंचायत स्तर पर शिकायतों का समाधान

जन समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि 19 मई से हर पंचायत में अधिकारी बैठेंगे, जहां ब्लॉक, अंचल और थाना स्तर की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।


बाबा महतो धाम के विकास की घोषणा

बाबा महतो धाम के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं।

  • मेले के आयोजन के लिए जमीन की कमी नहीं होने दी जाएगी
  • जरूरत पड़ने पर सरकार भूमि अधिग्रहण करेगी
  • मुख्य मार्ग से मंदिर तक सीधी सड़क बनाई जाएगी
  • स्थानीय आईटीआई और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम बाबा महतो साहब के नाम पर रखा जाएगा

1 करोड़ रोजगार और 5 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य

प्रदेश के आर्थिक विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2025 से 2030 के बीच 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश बिहार में लाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे बिजली, सड़क और उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से विकास होगा।


विकास पर फोकस, विपक्ष पर चुप्पी

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कोई टिप्पणी नहीं की और पूरी तरह से विकास, रोजगार और सुशासन के एजेंडे पर ही अपनी बात केंद्रित रखी।